ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए पुलिस ने पत्नी व देवर को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध संबंधों को लेकर पत्नी ने ही देवर के साथ मिलकर अपना सुहाग उजाड़ दिया।
यूपी के अलीगढ़ स्थित थाना हरदुआगंज पुलिस टीम ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस का सफल खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके सगे भाई को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धारा 103(1) बीएनएस के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों ने मिलकर मृतक सचिन की गला घोंटकर हत्या की थी। पीएम रिपोर्ट में मामला स्पष्ट होने के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से छानबीन की। तो मामला कुछ और ही निकला।
क्या था पूरा मामला
12 अगस्त 2025 को थाना हरदुआगंज क्षेत्र के ग्राम दीनदयालपुर में सचिन पुत्र स्व. विजेन्द्र पाल सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु होने की सूचना मिली थी। सूचना पर थाना हरदुआगंज पुलिस एवं फील्ड यूनिट टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा गया था। वहीं पीएम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई थी।
अवैध संबंधों को लेकर की हत्या
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला घोंटना सामने आया। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहनता से जांच शुरू की और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की। गांव में गोपनीय पूछताछ और जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक सचिन और उसकी पत्नी मधु के बीच लंबे समय से अनबन चल रही थी। इसी दौरान मृतक के छोटे भाई धर्मेन्द्र प्रताप सिंह और उसकी पत्नी मधु के बीच अवैध संबंध हो गए थे। इसी कारण दोनों ने मिलकर सचिन की हत्या की योजना बनाई और दोनों न मिलकर उसकी हत्या कर दी।
इस मामले में अजहर हसन, चौकी प्रभारी बुढ़ासी द्वारा थाना हरदुआगंज में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कराया गया। पुलिस ने आरोपी देवर धर्मेन्द्र प्रताप सिंह और भाभी मधु को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया है।