सम्पत्ति के बंटवारे से नाराज एक नाती ने अपने ही 80 वर्षीय बाबा की हत्या कर दी। पहले गला घोंटकर उनकी जान ली और फिर जीवित बचने की आशंका में गर्दन पर पेन से वार किए। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पेन और वारदात के समय पहनी गई खून से सनी शर्ट बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सौरभ सिंह के नेतृत्व में कोतवाली नगर पुलिस ने यह कार्रवाई की। 24/25 नवंबर की रात 80 वर्षीय लल्ला राजपूत की हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान संदिग्धों से पूछताछ के साथ इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए गए। साक्ष्यों के आधार पर मृतक के पौत्र राहुल पुत्र चन्द्रपाल निवासी कालूकुआं को गिरफ्तार कर लिया गया। सीओ सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि पूछताछ में राहुल ने बताया कि उसके बाबा लल्ला राजपूत ने अपनी संपत्ति उसके चाचा और चाची के नाम कर दी थी। इसी बात को लेकर वह नाराज था। 24/25 नवंबर की रात मौका पाकर उसने पहले गला दबाकर बाबा की हत्या कर दी। इसके बाद उसे आशंका हुई कि कहीं वह जीवित न बच गए हों, इसलिए पास में रखे पेन से उनकी गर्दन पर भी वार कर दिया। बरामदगी और मुकदमे का विवरण
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक पेन तथा आरोपी द्वारा वारदात के समय पहनी गई मृतक के खून से सनी शर्ट बरामद की है। मामले में थाना कोतवाली नगर में मुकदमा अपराध संख्या 610/26 धारा 103(1) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी मंडी समिति आकाश शुक्ला, कांस्टेबल अनुराग यादव, सौरभ यादव और शरद सिंह शामिल रहे।