फिरोजाबाद-बुलडोजर के आगे बच्चों को सीने से लगाकर लेट गईं महिलाएं, जमीन खाली कराने पहुंची पुलिस के छूटे पसीने

SHARE:

न्यायालय के आदेश पर जमीन खाली कराने पहुंची पुलिस और प्रशासनिक टीम को महिलाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई शुरू होते ही महिलाएं अपने बच्चों को सीने से लगाकर बुलडोजर के सामने सड़क पर लेट गईं। उन्होंने जबरन हटाए जाने पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी। हालात को देखते हुए पुलिस ने फिलहाल कार्रवाई रोक दी और परिवारों को 10 दिन की मोहलत दे दी।
यह मामला फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में तहसील तिराहे के पास स्थित गिहार बस्ती का है। मंगलवार दोपहर न्यायालय अमीन रामप्रवेश यादव पुलिस बल के साथ जमीन पर कब्जा लेने पहुंचे थे। उनके साथ सीओ जयविंद गुप्ता, इंस्पेक्टर अनुज कुमार और मक्खनपुर, नसीरपुर, नगला खंगर तथा महिला थाने का पुलिस बल मौजूद था।
करीब 20 परिवारों के मकान खाली कराने पहुंची थी टीम
कार्रवाई की भनक लगते ही कई लोग अपने मकानों में ताले लगाकर वहां से चले गए। मौके पर मौजूद महिलाओं ने विरोध करते हुए कहा कि उनके पास रहने के लिए कोई दूसरी व्यवस्था नहीं है। वादी पक्ष की ओर से कुछ मकानों से सामान भी बाहर निकलवाया गया। बताया गया कि विवादित जमीन पर करीब 20 परिवार मकान बनाकर रह रहे हैं।
बच्चों को लेकर जेसीबी के सामने लेटी महिलाएं
जमीन खाली कराने की कार्रवाई शुरू होने पर महिलाओं ने बच्चों को साथ लेकर जेसीबी के सामने लेटकर विरोध किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें जबरन हटाया गया तो वे आत्मदाह कर लेंगी। महिलाओं के विरोध के चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई और पुलिस को कार्रवाई रोकनी पड़ी।
7
सीओ जयविंद गुप्ता ने बताया कि न्यायालय अमीन के पास जमीन पर दखल लेने का आदेश था। विरोध और मौके की स्थिति को देखते हुए परिवारों को 10 दिन का समय दिया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विरोध के चलते टली कार्यवाही
मामला न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जमीन खाली कराने से जुड़ा है। फिलहाल विरोध के चलते कार्रवाई टाल दी गई है। प्रशासन की ओर से दी गई मोहलत के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई