पीलीभीत-सर्राफा दुकान में चोरी करने पहुंचे बदमाश, छत से कूदा चोर; पकड़ने में व्यापारी भी गिरा

SHARE:

सराफा दुकान में चोरी की कोशिश उस समय बदमाशों को भारी पड़ गई, जब दुकान मालिक ने छत पर छिपे चोरों को पकड़ने का प्रयास किया। व्यापारी को सामने देखकर दोनों बदमाश भागने लगे। इस दौरान एक बदमाश ने छत से छलांग लगा दी। उसे पकड़ने की कोशिश में व्यापारी का संतुलन भी बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। हादसे में चोर और व्यापारी दोनों के पैर टूट गए।
पीलीभीत के बरखेड़ा कस्बे में ब्लॉक तिराहे पर ग्राम पतरसिया निवासी रजनीश की सोने-चांदी की दुकान है। सोमवार रात करीब नौ बजे वह दुकान बंद करके घर चले गए थे। कुछ देर बाद आसपास के दुकानदारों ने फोन करके बताया कि उनकी दुकान की छत पर दो संदिग्ध युवक छिपे हुए हैं।
एक बदमाश छत से कूदा, दूसरा भाग निकला
सूचना मिलते ही रजनीश मौके पर पहुंचे और छत पर जाकर देखा तो वहां दो युवक छिपे मिले। व्यापारी को देखते ही दोनों भागने लगे। एक बदमाश पीछे के रास्ते से फरार हो गया, जबकि दूसरे को रजनीश ने दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े जाने पर आरोपी ने छत से नीचे छलांग लगा दी। इसी दौरान हुई खींचतान में व्यापारी का संतुलन बिगड़ा और वह भी नीचे गिर पड़े।
दोनों के पैरों में हुआ फ्रैक्चर
ऊंचाई से गिरने के कारण आरोपी के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई, जबकि व्यापारी का बायां पैर फ्रैक्चर हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरखेड़ा ले गई। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
गिरफ्तार आरोपी की हुई पहचान
पुलिस अभिरक्षा में उपचार करा रहे आरोपी की पहचान छोटा उर्फ अजीज निवासी ग्यासपुर, पीलीभीत के रूप में हुई है। बताया गया कि उसके खिलाफ पहले से चोरी समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि फरार दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी
सराफा दुकान में चोरी की कोशिश के मामले में पुलिस फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई