भतीजी के साथ दुष्कर्म और हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चार दिन से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के लिए पहुंची टीम पर आरोपी ने गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में सोमवार तड़के यह मुठभेड़ हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान दिलीप रॉय के रूप में हुई है। उस पर अपनी 12 वर्षीय भतीजी के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोप था। पुलिस पिछले चार दिनों से उसकी तलाश कर रही थी। सोमवार रात करीब दो बजे मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रायगंज के परापुकुर इलाके में छापेमारी की। यह क्षेत्र बंगाल-बिहार सीमा के पास है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई। एक गोली पुलिस वाहन के टायर में भी लगी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया। उसे रायगंज मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी बिहार सीमा के रास्ते भागने की फिराक में था। तीन नवंबर से लापता थी मासूम
परिजनों के मुताबिक, 12 वर्षीय बच्ची तीन नवंबर को दोपहर में साइकिल लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला। दो दिन बाद कुलिक नदी के पास जंगल में उसका शव बरामद हुआ। शव की हालत बेहद खराब थी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी बच्ची को नदी दिखाने के बहाने जंगल ले गया था, जहां वारदात को अंजाम देने का आरोप है। मुख्यमंत्री ने पुलिस कार्रवाई का किया समर्थन
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पूर्व मेदिनीपुर जिले के दीघा में पत्रकारों से बातचीत में पुलिस कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब कोई पुलिस पर हमला करता है तो पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म, हत्या, नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध घुसपैठ जैसे मामलों में पुलिस को सख्त कार्रवाई की छूट दी गई है। पश्चिम बंगाल में मई में भाजपा सरकार बनने के बाद यह चौथी पुलिस मुठभेड़ बताई जा रही है।