त्योहार की खुशियां उस समय दहशत में बदल गईं, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मारपीट, फायरिंग और पथराव शुरू हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने कार से कुचलने का प्रयास किया और तमंचे से गोली चलाई। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों पर छतों से पत्थर बरसाए गए। घटना में तीन लोग घायल हो गए।
आगरा जिले के एत्मादपुर थाना क्षेत्र के बंघारा गांव में आठ नवंबर को दिवाली की शाम करीब सात बजे घटना हुई। शिवालय प्रताप सिंह अपने घर में पूजा की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान हूटर बजाती हुई एक अर्टिगा कार पहुंची। पीड़ित ने गांव के ही रिंकू फौजी, प्रिंस और अनुज पर कार चढ़ाकर कुचलने का प्रयास करने और तमंचे से फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, कार की टक्कर से उनके कंधे और पसली में गंभीर चोटें आईं। गोली चलने के दौरान वह नीचे गिर गए, जिससे गोली उन्हें नहीं लगी। इसके बाद आरोपी कार लेकर मौके से भाग निकले। घटना में उनकी कार भी क्षतिग्रस्त कर दी गई। पीड़ित का दावा है कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। पूछताछ करने पहुंचे ग्रामीणों पर पथराव
घटना के बाद ग्रामीण आरोपियों के गांव गढ़ी रामी पहुंचे और मामले की जानकारी करने लगे। आरोप है कि इस दौरान रिंकू फौजी, प्रिंस और अनुज ने घर की छतों से पथराव शुरू कर दिया। इसमें शिवालय प्रताप सिंह के भतीजे ऋतिक और नीकेश घायल हो गए। पथराव में ग्रामीणों की स्कॉर्पियो गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में बुजुर्गों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
एसीपी देवेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।