बाँदा-बेकाबू डंपर ने बाइक सवार बैंक मैनेजर को रौंदा, दुकान में घुसा, दो की मौत

SHARE:

तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद ई-रिक्शा को भी चपेट में ले लिया और पास स्थित बक्से की दुकान में जा घुसा। हादसे में बैंक मैनेजर समेत दो लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने राष्ट्रीय मार्ग पर जाम लगा दिया। अधिकारियों के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन पर करीब तीन घंटे बाद जाम खुल सका। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है।
तिंदवारी थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी नौसद अहमद ने बताया कि उनका 38 वर्षीय भतीजा अजीम पुत्र लतीफ अहमद एसबीआई की मुख्य शाखा में यूनिट मैनेजर के पद पर तैनात था। शनिवार रात वह तिंदवारी कस्बे में बाइक खड़ी कर एक मित्र से बातचीत कर रहा था। तभी फतेहपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद डंपर ई-रिक्शा को टक्कर मारते हुए पास स्थित बक्से की दुकान में घुस गया। दुकान में सो रहे फतेहपुर जिले के एकारी गांव निवासी 45 वर्षीय कमरुद्दीन पुत्र मैनुद्दीन भी इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिंदवारी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित भीड़ ने टांडा राष्ट्रीय मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे तक मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे।
सूचना पर एसडीएम नवीन प्रसाद, तहसीलदार विकास पांडेय, थानाध्यक्ष संदीप सिंह समेत पैलानी और चिल्ला थाना पुलिस तथा बेंदा और कुरसेजा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में ले लिया है।
मृतक परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक अजीम के चाचा नौसद अहमद ने बताया कि वह दो भाइयों में छोटा था। उसके परिवार में पत्नी अनिका और दो पुत्र हैं। वहीं कमरुद्दीन के भाई कैफुद्दीन ने बताया कि वह बक्से और अलमारी बनाने का काम करता था। तिंदवारी स्थित दुकान में काम करने के कारण वह घटना के समय दुकान में सो रहा था।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजे शव
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। क्षेत्राधिकारी सदर प्रतिज्ञा सिंह ने घटना की जानकारी दी। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई