खेलते समय पैर फिसलने से एक मासूम तालाब में जा गिरा। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला था। दूसरे दिन सुबह तालाब में शव उतराता मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा मुगली गांव निवासी कमाल का चार वर्षीय नाती माज खां पुत्र शमशाद खां निवासी शिव, बिसंडा शुक्रवार दोपहर घर के पास स्थित तालाब के भीटे में खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तालाब में डूबने की आशंका पर गोताखोरों ने पानी में उतरकर उसकी खोजबीन की, लेकिन कोई पता नहीं चला। पुलिस में गुमशुदगी भी दर्ज कराई गई थी। पुलिस भी बालक की तलाश में जुटी थी। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने तालाब में बालक का शव उतराता देखा तो परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सप्ताह भर पहले आया था ननिहाल
मृतक के नाना कमाल ने बताया कि माज खां करीब 12 दिन पहले अपनी मां उजमा के साथ दीपावली का त्योहार मनाने ननिहाल आया था। शुक्रवार को वह तालाब के भीटे में खेल रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से तालाब में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। परिवार में मचा कोहराम
दो दिन तक मासूम की तलाश में जुटे परिजनों को शनिवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली तो परिवार में मातम छा गया। मासूम की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।