बाँदा-जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, 25 मामलों का मौके पर समाधान

SHARE:

जनशिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। लंबित मामलों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के साथ ही दीपावली पर्व पर जनसुरक्षा और आवश्यक सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल अजीत कुमार ने तहसील बांदा सदर में जनसामान्य की समस्याएं सुनीं। इस दौरान प्राप्त शिकायतों में से 25 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनका भी निर्धारित समयसीमा में संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाए। किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। समाधान दिवस के बाद आयुक्त ने दीपावली पर्व के मद्देनजर विभिन्न विभागों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि त्योहार के दौरान आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का संवेदनशीलता से निर्वहन करें। पटाखों की दुकानों का संचालन निर्धारित नियमों और वैध लाइसेंस के अनुसार सुरक्षित स्थानों पर कराने के निर्देश दिए। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी, अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और अग्निसुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य किया जाए। उप जिलाधिकारी, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीमें नियमित निरीक्षण करें तथा अनियमितता मिलने पर कार्रवाई की जाए।
विद्युत विभाग को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। बिजली के खंभों पर लटकते और जर्जर तारों को दुरुस्त कराने के साथ घरों के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नए विद्युत कनेक्शन के आवेदनों का भी समयबद्ध निस्तारण करने को कहा। खाद वितरण व्यवस्था की समीक्षा में सहकारी समितियों और निजी उर्वरक केंद्रों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। बिक्री केंद्रों पर निर्धारित दरों और उपलब्ध स्टॉक की सूची प्रदर्शित करने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी, अधिक मूल्य वसूली और अनिवार्य टैगिंग जैसी अनियमितताओं पर निगरानी रखने को कहा गया। महिलाओं, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को खाद वितरण में प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आयुक्त ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों, दवाओं और एंबुलेंस की उपलब्धता बनाए रखने को कहा। डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए सफाई, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जलभराव का निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति और विशेष स्वच्छता अभियान चलाने को कहा।
जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्रों से जुड़े आवेदनों का नियमानुसार तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए गए, ताकि पात्र लोगों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें। राजस्व विभाग को भूमि पैमाइश और सीमांकन के मामलों में रोवर तकनीक का अनिवार्य उपयोग करने तथा लंबित राजस्व वादों का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा गया। सड़क सुरक्षा के संबंध में पुलिस और परिवहन विभाग को नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए। प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग के साथ दीपावली के दौरान बाजारों में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा।
जनसुविधाओं पर रहेगी विशेष निगरानी
आयुक्त अजीत कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों को नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा, बेहतर जनसुविधाएं और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
शिकायतकर्ता को मिले वास्तविक लाभ
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ किया जाए। केवल कागजी कार्रवाई पूरी करने के बजाय शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए और सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन किया जाए।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई