बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार के लिए संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान कमजोर प्रदर्शन वाले विकासखंडों को प्रगति बढ़ाने और आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में पोषण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, हॉट कुक्ड मील, पोषण ट्रैकर और बच्चों के स्वास्थ्य से संबंधित योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करते हुए जसपुरा, तिंदवारी और बड़ोखर खुर्द विकासखंडों में कमजोर प्रगति पर नाराजगी जताई। उन्होंने इन विकासखंडों में विशेष प्रयास कर पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी से समन्वय स्थापित कर योजना के लक्ष्य को पूरा करने को कहा। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के रिक्त पदों पर तैनाती की प्रक्रिया प्राथमिकता के आधार पर एक सप्ताह के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि केंद्रों का संचालन प्रभावित न हो। हॉट कुक्ड मील योजना की समीक्षा करते हुए कम उपस्थिति वाले आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर भोजन तैयार करने की आवश्यक व्यवस्थाएं रहें और आने वाले बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए। एनआरसी में बच्चों के प्रवेश की स्थिति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने जनपद में चिन्हित 47 सैम एवं मैम बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन बच्चों की व्यक्तिगत देखभाल और संवेदनशीलता के साथ निगरानी की जाए, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार हो सके। पोषण ट्रैकर की समीक्षा के दौरान आधार सत्यापित लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने और पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने को कहा। शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों की वृद्धि निगरानी से संबंधित फीडिंग निर्धारित समय में पूरी करने तथा गृह भ्रमण के अभिलेख अद्यतन एवं शुद्ध रखने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केंद्रों पर व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश
जिलाधिकारी ने वीएचएसएनडी फीडिंग की प्रगति बढ़ाने और अपार आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाने को कहा। तीन से छह वर्ष तक आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकृत बच्चों की अपार आईडी बनाने पर विशेष जोर दिया। जिला कार्यक्रम अधिकारी को आगामी माह तक पोषण विभाग के सभी निर्धारित मानकों पर अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने वालों पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं के पोषण और स्वास्थ्य में सुधार शासन की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मचारी आपसी समन्वय, जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।