रात के अंधेरे में क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गश्त कर रही पुलिस की सूमो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में उपनिरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर होने पर आगरा रेफर कर दिया गया।
घटना फिरोजाबाद जिले के बसई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र की है। बृहस्पतिवार देर रात करीब ढाई बजे पुलिस की सूमो क्षेत्र में गश्त कर रही थी। वाहन को सोनू चला रहे थे। गांव तोतलपुर के पास अचानक सूमो अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी आवाज सुनकर मौके पर पहुंच गए।
हादसे में उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह, कांस्टेबल कफील, सोनू और गौरव घायल हो गए। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष सिंहराज सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सभी घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भिजवाया।
दो पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर
ट्रॉमा सेंटर में चिकित्सकों ने घायलों का उपचार शुरू किया। उपनिरीक्षक ओमवीर सिंह और कांस्टेबल कफील की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया गया। वहीं सोनू और गौरव का उपचार किया गया। सीओ सदर पहुंचे अस्पताल
हादसे की जानकारी मिलने पर सीओ सदर तेजस त्रिपाठी भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने घायल पुलिसकर्मियों के उपचार की जानकारी ली। गश्त के दौरान पुलिस वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से पुलिस विभाग में अफरा-तफरी का माहौल रहा।