तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सवारियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में एक ही परिवार के तीन मासूम बच्चों समेत पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
घटना हमीरपुर जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर जरिया थाना क्षेत्र की है। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गौरिहार थाना क्षेत्र के पवेथा गांव निवासी रामनरेश पाल अपने भाई और पत्नी-बच्चों के साथ गुड़गांव में रहकर ऑटो चलाते हैं। दीपावली का त्योहार मनाने के लिए वह बृहस्पतिवार रात ऑटो से परिवार को लेकर गांव लौट रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे जरिया थाना क्षेत्र में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से निकले ट्रक की चपेट में ऑटो आ गया। टक्कर लगने से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार पांच लोग घायल हो गए। तीन बच्चों समेत पांच लोग घायल
हादसे में रामनरेश के भाई सुशील कुमार (24), पत्नी वंदना (30), बेटा प्रिंस (7), प्रशांत (3) और बेटी प्रांजलि (5) घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। सीएचसी में चिकित्सक डॉ. कनिष्क माहुर ने बताया कि हादसे में सभी घायलों को चोटें आई हैं। उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।