डेंगू का कहर: बांदा में दूसरी मौत, मौसम बदलने से निमोनिया के बढ़े मरीज

SHARE:

मौसमी बीमारियों के साथ मच्छरजनित रोगों का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। वायरल बुखार के साथ डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं। डेंगू से पीड़ित एक और व्यक्ति की मौत हो गई, जिससे जिले में मृतकों की संख्या दो हो गई है। वहीं, मौसम में बदलाव के चलते निमोनिया, खांसी, बुखार और सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।
नरैनी कोतवाली क्षेत्र के गुमानगंज स्थित शहबाजपुर गांव निवासी 40 वर्षीय चंदिका प्रसाद पुत्र लोटन अपनी बेटी गंगा देवी की ससुराल पैलानी थाना क्षेत्र के लसड़ा गांव आए थे। उनके नाती सत्येंद्र सविता ने बताया कि वहां उन्हें बुखार आने लगा। चिल्ला के एक निजी अस्पताल में उनका उपचार कराया गया। निजी पैथोलॉजी में जांच कराने पर डेंगू की पुष्टि हुई थी। उपचार के दौरान उनकी हालत में सुधार हो गया था। मंगलवार सुबह अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें लेकर चिल्ला स्थित निजी अस्पताल पहुंचे। क्लीनिक के बाहर वह चक्कर खाकर गिर पड़े और अचेत हो गए। इसके बाद उन्हें तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इससे पहले 15 अक्टूबर को तिंदवारी कस्बा निवासी कपड़ा व्यापारी घनश्याम गुप्ता की प्रयागराज में डेंगू से मौत हो गई थी। चंदिका प्रसाद की मौत के बाद जिले में डेंगू से मृतकों की संख्या दो हो गई है।
बुखार और निमोनिया के बढ़े मरीज
मौसम में बदलाव के बीच बुखार और निमोनिया से पीड़ित कई मरीजों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुम्हेड़ा गांव निवासी 70 वर्षीय सरमनिया, बिसंडा कस्बा निवासी 82 वर्षीय भइयालाल, आवास विकास निवासी 38 वर्षीय बंदना, बड़ोखर खुर्द निवासी 40 वर्षीय कृष्णा, इचौली निवासी 62 वर्षीय गोमती और कटरा निवासी 30 वर्षीय प्रेमा शामिल हैं। सभी का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
सीएमओ ने जांच कराने की कही बात
डेंगू से हुई मौत के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने मामले की जांच कराने की बात कही।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई