अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में लिंक रोड थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम सूर्यनगर चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की सफेद फॉर्च्यूनर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार रोकने का प्रयास किया तो चालक ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पीछा करने पर कार सवार बदमाश ने दोबारा गोली चलाई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। फरमान उर्फ नागिन के खिलाफ 100 से अधिक मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र के समर गार्डन निवासी फरमान उर्फ नागिन के रूप में हुई है। उस पर लूट, चोरी, झपटमारी समेत 100 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामले दर्ज हैं। लिंक रोड और मधुबन बापूधाम थाने में दर्ज मामलों में वह वांछित चल रहा था। लिंक रोड थाने से उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। चोरी की कार, पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सफेद फॉर्च्यूनर कार, अवैध .315 बोर की पिस्टल, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, कार चोरी की थी। आरोपी के पास से महंगी गाड़ियों की चोरी में इस्तेमाल होने वाला उपकरण भी मिला है। फरार साथी की तलाश की जा रही है। घायल आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। कार चोरी का तरीका
पुलिस के अनुसार, आरोपी और उसके साथी चोरी की कारों की नंबर प्लेट हटाकर उन्हें छिपाते थे। इसके बाद वाहनों की पहचान बदलकर उन्हें बेचने का प्रयास किया जाता था। बरामद फॉर्च्यूनर के संबंध में भी चोरी का मामला दर्ज था। आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, फरमान के खिलाफ वर्ष 2016 में पहला मुकदमा दर्ज हुआ था। करीब दस वर्षों में उसके खिलाफ 100 से अधिक मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। इनमें लूट, चोरी और झपटमारी के कई मामले शामिल हैं।