बाँदा-समाधान दिवस में आईं 85 शिकायतें, छह का मौके पर किया गया समाधान

SHARE:

तहसील पैलानी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी ने की। पुलिस अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। समाधान दिवस में कुल 85 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें छह का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी अमित आसेरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि आवश्यकता के अनुसार स्थलीय निरीक्षण और सत्यापन कर प्रभावी कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी भी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस से संबंधित शिकायतों पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही नहीं होनी चाहिए और फरियादियों को समय से न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।
गौशाला की शिकायत पर तत्काल जांच
समाधान दिवस में विनय तिवारी ने गौरी कला गौशाला में गोवंश के अनैतिक तरीके से विक्रय, शव निस्तारण की समुचित व्यवस्था नहीं होने तथा कीचड़ और पानी सहित अन्य समस्याओं की शिकायत की। जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निर्देश के बाद मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने गौरी कला गौशाला का निरीक्षण किया। वहां 155 गोवंश मिले। निरीक्षण में चारा, पानी और पशु आहार पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाया गया। साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक मिली। शिकायत में उल्लिखित बिंदुओं का मौके पर सत्यापन किया गया।
समाधान दिवस में भूमि एवं राजस्व, खाद्य एवं रसद, पुलिस, कृषि, स्वास्थ्य, पशुपालन, जल निगम और बैंक सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
गौशालाओं में व्यवस्था पर जोर
जिलाधिकारी ने गौशालाओं में पर्याप्त चारा-पानी, साफ-सफाई, स्वास्थ्य देखभाल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस में यह अधिकारी रहे मौजूद
एसडीएम भूपेंद्र यादव, सीओ सदर प्रतिज्ञा सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक राजेश सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई