शाहजहांपुर-मंदिर परिसर में सो रहे दो साधुओं की हत्या, शव जलाए

SHARE:

शाहजहांपुर। मंदिर परिसर में सो रहे दो साधुओं की लोहे की रॉड से वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद दोनों शवों को घी, तेल और कपूर डालकर जला दिया गया। घटना की जानकारी सुबह ग्रामीणों को हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव स्थित पुराने शिव मंदिर से जुड़ा है। मृतकों की पहचान गोपालदास और बिहारीदास के रूप में हुई है। दोनों साधु मंदिर परिसर में रहकर सेवा करते थे। पुलिस के मुताबिक रात में आरोपी सुमित सिंह मंदिर पहुंचा और दोनों साधुओं के पास कुछ देर सोने का नाटक किया। दोनों के गहरी नींद में जाने के बाद आरोपी ने लोहे की रॉड से पहले एक और फिर दूसरे साधु पर हमला कर दिया। हत्या के बाद मंदिर में मौजूद घी, तेल और पूजा सामग्री में रखे कपूर की मदद से दोनों शवों में आग लगा दी। पुलिस के अनुसार आरोपी सुमित सिंह शवों के जलने तक मौके पर मौजूद रहा और इसके बाद घर जाकर सो गया। सुबह मंदिर परिसर से धुआं उठता देख ग्रामीण वहां पहुंचे। अंदर दोनों साधुओं के जले हुए शव मिले। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर और उससे जुड़ी जमीन पर कब्जे की नीयत को हत्या की वजह माना जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से मंदिर में आ-जा रहा था और दोनों साधुओं पर मंदिर छोड़कर जाने का दबाव बना रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी सुमित सिंह पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड उसकी निशानदेही पर बरामद कर ली गई है। पुलिस हत्या के पीछे के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मंदिर की जमीन पर कब्जे का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में मंदिर से जुड़ी करीब तीन बीघा जमीन पर कब्जे की नीयत सामने आई है। साधुओं पर मंदिर छोड़ने का दबाव बनाए जाने की बात भी जांच में सामने आई है। पुलिस इस पहलू के साथ अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
हत्या में इस्तेमाल रॉड बरामद
दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर लोहे की रॉड बरामद की गई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई