बाँदा-इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए 22 मतदेय स्थल प्रस्तावित

SHARE:

उत्तर प्रदेश विधान परिषद के इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर मतदेय स्थलों के प्रस्ताव और निर्वाचन संबंधी तैयारियों पर बैठक हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ निर्वाचन तैयारियों पर चर्चा की गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी अमित आसेरी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन का कार्यक्रम 22 सितंबर को घोषित किया है। इसके तहत 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर, नामांकन पत्रों की संवीक्षा सात अक्टूबर और नाम वापसी की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर निर्धारित की गई है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी की जाएगी।
जनपद में कुल 19,743 स्नातक मतदाता हैं। इनमें 14,223 पुरुष और 5,520 महिला मतदाता शामिल हैं। वर्ष 2020 में 18 मतदेय स्थल थे। इस बार 1,400 से अधिक मतदाताओं वाले चार मतदेय स्थलों पर सहायक बूथ प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें 173-अ, 182-अ, 188-अ और 189-अ शामिल हैं। इस प्रकार कुल 22 मतदेय स्थलों का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि सभी प्रस्तावित मतदेय स्थल सरकारी भवनों में हैं और उपजिलाधिकारियों द्वारा उनका भौतिक सत्यापन भी कर लिया गया है। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की बैठक 19 सितंबर को आयोजित की गई थी। मतदेय स्थलों के संबंध में सुझाव या आपत्ति देने के लिए 23 सितंबर तक लिखित आवेदन मांगे गए थे। आयोग के निर्देशानुसार कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर उत्तर प्रदेश के शेष हिस्से में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व समेत संबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
मतदाताओं और बूथों का विवरण
बांदा में 19,743 स्नातक मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 14,223 पुरुष और 5,520 महिला मतदाता हैं। चार अतिरिक्त सहायक बूथ प्रस्तावित होने के बाद कुल 22 मतदेय स्थलों का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
29 सितंबर से शुरू होगी निर्वाचन प्रक्रिया
निर्वाचन के लिए 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। छह अक्टूबर तक नामांकन, सात अक्टूबर को संवीक्षा और नौ अक्टूबर तक नाम वापसी होगी। 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई