कानपुर-विनीत मिनोचा हत्याकांड में शालू की रिमांड, हत्या और शॉपिंग का सीन होगा री-क्रिएट

SHARE:

दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस को आरोपी बहू शालू की 24 घंटे की कस्टडी रिमांड मिल गई है। पुलिस रिमांड के दौरान शालू, उसके पति सुब्रत और नौकर विशाल से आमने-सामने पूछताछ करेगी। साथ ही फ्लैट की गायब डुप्लीकेट चाबी बरामद करने के लिए शॉपिंग से लेकर चाबी बनवाने तक का पूरा घटनाक्रम दोबारा कराया जाएगा।
पुलिस बुधवार दोपहर 12 बजे शालू को जेल से लेकर निकलेगी और गुरुवार दोपहर 12 बजे तक पूछताछ करेगी। जांच टीम शालू, विशाल और सुब्रत को परेड स्थित मॉल ले जाकर फिर से शॉपिंग कराएगी और इसके बाद चाबी बनवाने वाली दुकान तक ले जाएगी। पुलिस तीनों से अलग-अलग बिंदुओं पर सवाल करेगी। पुलिस के मुताबिक वारदात में इस्तेमाल डुप्लीकेट चाबी अभी बरामद नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार शालू ने चाबी को लेकर अलग-अलग बयान दिए हैं। पहले उसने चाबी गुमटी से बनवाने की बात कही थी, जबकि बाद में परेड से चाबी बनवाने की जानकारी दी। इसी वजह से पुलिस घटनाक्रम का री-क्रिएशन कराकर चाबी के संबंध में सामने आए बयानों की जांच करेगी। रिमांड के दौरान पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास करेगी कि वारदात में किसी चौथे व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। जांच में सुब्रत और उसके पिता के बीच संबंधों को लेकर भी कई बिंदु सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच घर और कार्यालय में कई बार कहासुनी हुई थी। वारदात से कुछ दिन पहले भी कार्यालय में दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसके अलावा सुब्रत पर कर्ज और परिवार के आपसी संबंधों से जुड़े पहलुओं पर भी पूछताछ की जाएगी। सुब्रत ने मंगलवार को कहा था कि वह पुलिस और मीडिया के सवालों का जवाब देगा, लेकिन उससे पहले वह शालू के सामने बैठकर उससे बात करना चाहता है। वहीं, पुलिस मामले में शालू, विशाल और राजकिशोर की भूमिका की जांच कर रही है।
डुप्लीकेट चाबी बनी जांच की अहम कड़ी
पुलिस को अभी तक वह डुप्लीकेट चाबी बरामद नहीं हुई है, जिसका इस्तेमाल वारदात में किए जाने की जांच की जा रही है। शालू के अलग-अलग बयानों के कारण पुलिस घटनाक्रम का दोबारा सत्यापन कर रही है।
24 घंटे की रिमांड में कई सवालों पर पूछताछ
रिमांड के दौरान शालू और सुब्रत का आमना-सामना कराया जाएगा। पुलिस हत्या में संभावित भूमिका, चाबी, पैसों के लेनदेन और किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता समेत विभिन्न बिंदुओं पर पूछताछ करेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई