चित्रकूट में सेवा, सम्मान और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान चलाया गया। अभियान के तहत धार्मिक स्थलों पर दीप प्रज्वलन, सफाई कार्यकर्ताओं का सम्मान, मरीजों को फल वितरण, रक्तदान और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरण सहित कई कार्यक्रम हुए।
क्षेत्रीय कार्य समिति सदस्य कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र भारतीय जनता पार्टी रामपाल प्रजापति ने बताया कि कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू के नेतृत्व और जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटार्य की अध्यक्षता में चित्रकूट प्रवास के दौरान विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की गई। रामघाट स्थित मां मंदाकिनी के तट पर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की गई। बरहा स्थित श्री हनुमान मंदिर और प्रजापति समाज धर्मशाला ट्रस्ट खोही में संत-महात्माओं के साथ दीप जलाकर मंगलकामना की गई। नगर पालिका परिषद चित्रकूट में स्वच्छ भारत संकल्प अभियान के तहत सफाई कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह में बैग वितरित किए गए। जिला अस्पताल में मरीजों को फल बांटे गए। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में 150 यूनिट रक्तदान किया गया। मानिकपुर विधानसभा क्षेत्र के खोह स्थित राजकीय मातृ एवं शिशु कल्याण अस्पताल में आईजीएल और एल्डिको की ओर से 1066 दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।
कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग विभाग की ओर से भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर विश्वकर्मा श्रम योजना के तहत प्रशिक्षित लाभार्थियों को किट वितरित की गईं। इसमें कौशल विकास से जुड़े शिल्पकार, हलवाई, नाई, सिलाई और अन्य तकनीकी कार्यों से प्रशिक्षित लाभार्थी शामिल रहे। शिवरामपुर के प्रसिद्ध लईना बाबा मंदिर में हवन-पूजन और रामनाम संकीर्तन कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन की कामना की गई। रामपाल प्रजापति ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच सेवा, सम्मान और जनकल्याण का संदेश पहुंचाया गया। ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के प्रति देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद का प्रतीक है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, शिक्षक एमएलसी डॉ. बाबूलाल तिवारी, पूर्व सांसद आरके पटेल, पूर्व सांसद भैरो प्रसाद मिश्र, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, मानिकपुर विधायक अविनाशचंद्र द्विवेदी, बांदा-चित्रकूट डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष पंकज अग्रवाल, नगर पालिका चेयरमैन नरेंद्र गुप्ता, युवाध्यक्ष हीरो मिश्रा सहित जिला एवं मंडल स्तर के बूथ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।