सपा जिला सचिव एवं पूर्व प्रधान की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार हत्या के लिए पांच लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। आरोपियों की निशानदेही पर दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद हुई जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी घायल हो गए। दोनों को पैर में गोली लगी है और उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के मुगरांव निवासी पवन कुमार यादव की पिलर नंबर 52 के पास बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। बुधवार को पुलिस ने विनोद कुमार यादव और बृजेश यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पुलिस के सामने हत्या की साजिश और अन्य आरोपियों की जानकारी सामने आई। पुलिस के मुताबिक विनोद कुमार यादव और मृतक के बीच पंचायत चुनाव को लेकर पुरानी रंजिश थी। विनोद की पत्नी ग्राम प्रधान है और उसे गांव में संविदा पर ईसीसीई एजुकेटर के पद पर नियुक्त किया गया था। पवन यादव की आपत्ति के बाद उसे पद से हटाए जाने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया था। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रचे जाने की बात पुलिस ने बताई है। जेल में बनी थी हत्या की साजिश
पुलिस जांच के अनुसार हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला की भी पवन यादव से पुरानी रंजिश थी। उसे वर्ष 2022 के एक हत्याकांड में पवन यादव की मुखबिरी का शक था। पुलिस का कहना है कि करीब डेढ़ माह पहले हत्या की योजना बनाई गई और इसके लिए पांच लाख रुपये देने की बात तय हुई। शुरुआत में 25 हजार रुपये दिए गए, जिससे तमंचा और कारतूस खरीदे गए। जितेंद्र उर्फ लल्ला ने अपने साथी बृजेश यादव और निहाल अहमद को भी योजना में शामिल किया। पुलिस के मुताबिक निहाल ने पवन यादव की रेकी की और मोबाइल से बनाए गए वीडियो व्हाट्सऐप के जरिए भेजे। पुलिस को उसके मोबाइल से रेकी के वीडियो और कथित लेनदेन से जुड़े स्क्रीनशॉट मिलने की बात भी सामने आई है। बाग में घेराबंदी के दौरान पुलिस से मुठभेड़
विनोद और बृजेश की निशानदेही पर पुलिस टीम औरा पुलिया से जसवा की ओर नहर रोड स्थित बाग में पहुंची। वहां बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस टीम को देखकर भागने लगे। पुलिस के अनुसार पीछा करने पर दोनों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जितेंद्र यादव उर्फ लल्ला और निहाल अहमद के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से तमंचे और कारतूस तथा हत्या में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में सामने आए अन्य तथ्यों की भी जांच जारी है। पुलिस की कार्रवाई में डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत के निर्देशन में हंडिया थाना पुलिस समेत संबंधित पुलिस टीम शामिल रही।