बाइक सवार तीन बदमाशों ने सपा नेता और पूर्व प्रधान पवन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल नेता को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र के मगरांव गांव में 52 नंबर पिलर के पास पवन यादव कुछ लोगों से मुलाकात करने के बाद अपनी कार की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों में से एक ने उन पर गोली चला दी। गोली उनकी पीठ में लगी और वह जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर बाइक से बरौत की ओर फरार हो गए। घायल पवन यादव को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद उन्हें टैगोर अस्पताल और फिर एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे करीब 42 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। फुटेज में बाइक सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए हैं, हालांकि उनकी तस्वीरें स्पष्ट नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और संभावित विवादों की भी जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज से सुराग तलाश रही पुलिस
वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग जुटानी शुरू कर दी है। हंडिया टोल प्लाजा सहित अलग-अलग स्थानों की फुटेज भी जांच के दायरे में है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। हत्या के कारण की जांच जारी
पुलिस हत्या के पीछे के संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है। शुरुआती रिपोर्टों में पुराने विवाद की चर्चा सामने आई है, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।