महोबा-पैरोल पर घर आये पति ने त्रिसूल से गोदकर की पत्नी की हत्या

SHARE:

पैरोल पर घर आए उम्रकैद की सजा काट रहे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की त्रिशूल से हमला कर हत्या कर दी। पत्नी पर खाने में जहरीला पदार्थ मिलाने का शक होने के बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था। घटना के बाद आरोपी ने खुद परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
महोबा जनपद के कुलपहाड़ कोतवाली क्षेत्र के रंगौलिया बुजुर्ग गांव में सोमवार को कल्लन रैकवार ने अपनी पत्नी चंपा की त्रिशूल से हमला कर हत्या कर दी। बताया गया कि कल्लन सतना जेल में उम्रकैद की सजा काट रहा है और कुछ दिन पहले ही पैरोल पर घर आया था। पुलिस के अनुसार उसे शक था कि उसकी पत्नी उसके खाने में जहरीला पदार्थ मिला रही है। इसी बात को लेकर विवाद के बाद उसने चंपा पर त्रिशूल से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से चंपा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर कुलपहाड़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी कल्लन रैकवार को हिरासत में ले लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
करीब 15 साल पहले नातिन की हत्या में हुई थी उम्रकैद
पुलिस के अनुसार कल्लन रैकवार करीब 15 साल पहले परिवार की 10 माह की नातिन की हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था। इसी मामले में उसे आजीवन कारावास की सजा हुई थी और वह सतना जेल में बंद था। पैरोल मिलने के बाद वह घर आया था।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना पर एएसपी वंदना सिंह और कुलपहाड़ प्रभारी निरीक्षक अवधेश मिश्रा पुलिस टीम तथा फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और हत्या के कारणों समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई