शाहजहांपुर-सर्राफा व्यापारी के बेटे को तस्कर बताकर दो लाख वसूले, चार सिपाही निलंबित

SHARE:

मादक पदार्थ तस्करी के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर सराफा व्यापारी के बेटे से दो लाख रुपये वसूलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप पुलिस के ही चार सिपाहियों पर लगा है। मामला सामने आने के बाद चारों सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया, जबकि दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।
शाहजहांपुर के तिलहर थाने में तैनात चार सिपाहियों पर आरोप है कि उन्होंने शनिवार रात सराफा व्यापारी के बेटे को अपने साथ ले जाकर उसे मादक पदार्थ तस्करी के मामले में जेल भेजने की धमकी दी। इसके बाद उसके परिजनों से दो लाख रुपये की रकम वसूली गई। शिकायत अधिकारियों तक पहुंचने के बाद जलालाबाद थाने में चारों सिपाहियों और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई।
बाइक में मादक पदार्थ रखने का आरोप
पुलिस के अनुसार, तिलहर थाने में तैनात सिपाही अरुण चित्तौड़िया, पंकज, तुषार और वीरेंद्र दो बाइक से जलालाबाद पहुंचे थे। आरोप है कि उन्होंने सराफा व्यापारी के पुत्र सुंदरम को फोन कर आभूषण गिरवी रखने के बहाने बुलाया। इसके बाद उसे सरिया मोड़ के पास अपने साथ एक गांव ले गए। आरोप है कि रास्ते में उसकी बाइक में कोई मादक पदार्थ रख दिया गया और बाद में उसे तिलहर थाना क्षेत्र की बिरियागंज पुलिस चौकी ले जाकर तस्करी के मामले में फंसाने की धमकी दी गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले तीन लाख रुपये की मांग की थी। बाद में सुंदरम के पिता दो लाख रुपये लेकर पहुंचे, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया।
दो गिरफ्तार, बाकी की जारी है तलाश
मामला अधिकारियों तक पहुंचने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों सिपाहियों को निलंबित कर दिया। इनमें से दो सिपाहियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य दो के खिलाफ भी कार्रवाई जारी है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और वसूली की रकम तथा घटना में शामिल अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई