बाँदा-दिल्ली जाने के लिए निकला युवक नहर में समाया, सुबह मिला शव

SHARE:

दिल्ली जाने के लिए घर से अतर्रा रेलवे स्टेशन निकले युवक की रास्ते में नहर में डूबने से मौत हो गई। बारिश और कीचड़ के कारण पैर फिसलने से युवक गहरे पानी में जा गिरा। देर रात तक तलाश के बावजूद उसका पता नहीं चला। सोमवार सुबह पांच गोताखोरों ने करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।
जनपद के बिसंडा थाना क्षेत्र के तेंदुरा गांव के अंश बनई पुरवा निवासी लवलेश (28) रविवार शाम करीब चार बजे घर से पैदल अतर्रा रेलवे स्टेशन के लिए निकला था। उसे देर शाम संपर्क क्रांति ट्रेन से दिल्ली जाना था। रास्ते में घर से करीब चार किलोमीटर दूर बारिश और कीचड़ के कारण उनका पैर फिसल गया और वह सड़क किनारे निकली नहर के गहरे पानी में जा गिरा। आसपास खेतों में मौजूद ग्रामीणों ने घटना देखी और परिजनों को सूचना दी।
परिजनों और ग्रामीणों ने नहर में तलाश शुरू की। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और देर रात तक तलाश कराई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह पुलिस ने स्थानीय पांच गोताखोरों को बुलाकर दोबारा खोजबीन शुरू कराई। करीब पांच घंटे की तलाश के बाद सुबह लगभग 10 बजे घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर लवलेश का शव नहर से बरामद हुआ।
दिल्ली में करता था काम
परिजनों के मुताबिक लवलेश दिल्ली में प्लंबर का काम करता था। उसके पास करीब दो बीघा जमीन थी, लेकिन खेती से परिवार का गुजारा नहीं हो पाता था। इसी कारण वह दिल्ली में रहकर काम करता था। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने बताया कि युवक की मौत नहर के गहरे पानी में डूबने से हुई है। शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई