जिला अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती महिला बंदी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। लापरवाही के आरोप में ड्यूटी पर तैनात दो महिला सिपाहियों को निलंबित कर दिया गया है। फरार बंदी की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
बरेली जिला अस्पताल में भर्ती महिला बंदी ममता को 31 अगस्त को कोर्ट में पेशी के दौरान तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह सेंट्रल जेल-2 में बंद थी। उसकी सुरक्षा के लिए पुलिस लाइंस से दो महिला सिपाहियों को तैनात किया गया था। बुधवार शाम ममता शौचालय जाने के बहाने वहां से निकल गई और पुलिसकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गई। पुलिस के मुताबिक, ममता को दिसंबर में पॉक्सो एक्ट के मुकदमे में गिरफ्तार किया गया था। मामले में उसके बेटे को भी गिरफ्तार किया गया था, जो बाद में जमानत पर बाहर आ गया। फरार होने के बाद पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। हैरानी की बात यह सामने आई कि सीसीटीवी फुटेज में ममता अस्पताल से बाहर जाती दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वह अस्पताल से किस रास्ते से निकली। जांच में यह भी सामने आया है कि फरार होने के दौरान ममता ने बुर्का पहना हुआ था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके पास बुर्का कैसे पहुंचा। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह से एक लड़की भी ममता के पास मौजूद थी। उसने लोअर और शर्ट पहन रखी थी और महिला बंदी से बातचीत कर रही थी। पुलिस अब उस लड़की के साथ-साथ ममता के बेटे और उसके संपर्क में रहने वाले लोगों की भूमिका भी जांच रही है। दो महिला सिपाही निलंबित
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही नूतन शिसोदिया और रिंकी को निलंबित कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की। फरार बंदी की तलाश में जुटीं टीमें
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से महिला बंदी का सुराग तलाशा जा रहा है। इंस्पेक्टर कोतवाली राजीव कुमार के अनुसार पुलिस टीमें महिला की तलाश में लगाई गई हैं। अस्पताल में भर्ती होने से लेकर फरार होने तक की पूरी घटनाक्रम की जांच की जा रही है।