गोकशी के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक घेराबंदी के दौरान आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया।
बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे कठपुला पुल के पास पुलिस की आरोपी से मुठभेड़ हुई। सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम के अनुसार पुलिस टीम शांति व्यवस्था के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गोकशी के मुकदमे में वांछित आरोपी कठपुला पुल से होकर गुजरने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान कृष्णा कॉलोनी की ओर से एक व्यक्ति स्कूटी से आता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही उसने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस टीम ने पीछा किया। गड्ढे और फिसलन के कारण कठपुला पुल के पास स्कूटी गिर गई। इसके बाद आरोपी पैदल मैदान की ओर भागने लगा। पुलिस के मुताबिक खुद को घिरा देखकर आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटा उर्फ राशिद निवासी बीसलपुर, जनपद पीलीभीत के रूप में हुई है। वह कैंट थाने में दर्ज गोकशी के मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा, कारतूस, स्कूटी और पशु कटान के उपकरण बरामद किए हैं। 23 अगस्त को दर्ज हुआ था मुकदमा
कैंट थाना क्षेत्र में 23 अगस्त को नकटिया नदी के पुल के पास गोवंशीय अवशेष मिलने के बाद गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इसी मामले में छोटा उर्फ राशिद वांछित चल रहा था। इससे पहले पुलिस ने 30 अगस्त को पैकर इल्मास वारसी खान और नन्हे बाबू उर्फ अतीक खान को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। आरोपी से पूछताछ जारी
मुठभेड़ में घायल आरोपी को पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके कब्जे से मिले हथियार और पशु कटान के उपकरणों को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर गोकशी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।