बरेली-पत्नी को दूसरे युवक की कार में देखा तो भड़का पति, हाईवे पर मचा बवाल

SHARE:

पत्नी को दूसरे युवक की कार में बैठा देखकर पति का गुस्सा बेकाबू हो गया। उसने कार का पीछा कर उसे रास्ते में रुकवा लिया और युवक को बाहर निकालकर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान पत्नी के साथ भी मारपीट की गई। हाईवे पर हुए हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बरेली के बहेड़ी क्षेत्र में नैनीताल हाईवे पर बृहस्पतिवार को यह घटना हुई। बताया गया कि एक व्यक्ति को अपनी पत्नी पर लंबे समय से शक था। पति उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहा था और उसके मोबाइल की लोकेशन भी ट्रेस कर रहा था। इसी दौरान उसने पत्नी को हाईवे के पास एक लाल रंग की कार में सवार होते देखा। इसके बाद पति ने अपनी गाड़ी से कार का पीछा किया और कुछ दूरी पर अपनी गाड़ी आगे लगाकर कार रुकवा ली।
कार रुकते ही पति ने युवक का कॉलर पकड़कर उसे बाहर खींच लिया और गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ मारने शुरू कर दिए। युवक हाथ जोड़कर सफाई देता रहा कि महिला ने उससे सिर्फ लिफ्ट मांगी थी और वह उसे कहीं लेकर नहीं जा रहा था। युवक ने महिला को अपनी बहन जैसा बताया, लेकिन पति का गुस्सा शांत नहीं हुआ। वह लगातार कहता रहा कि उसने अपनी आंखों से पत्नी को कार में बैठते देखा है।
पत्नी का नकाब खींचकर की मारपीट
हंगामे के दौरान महिला कार से बाहर निकलकर सहमी हुई खड़ी रही। पति ने उसके साथ भी मारपीट की और उसका नकाब खींच दिया। महिला रोते हुए खुद को बेकसूर बताती रही, लेकिन विवाद बढ़ता गया। पति वीडियो में यह भी कहता सुनाई दे रहा है कि वह पत्नी की मोबाइल लोकेशन पर नजर रख रहा था।
हाईवे पर लगा लोगों का जमावड़ा
सड़क पर मारपीट और हंगामा देखकर राहगीर, ई-रिक्शा चालक और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। दोनों ओर वाहनों के रुकने से जाम जैसे हालात बन गए। कई लोग बीच-बचाव करने के बजाय मोबाइल से घटना का वीडियो बनाते रहे। बाद में कुछ बुजुर्गों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। बहेड़ी पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मिली है और वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है। फिलहाल किसी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। कहा कि तहरीर के मिलते ही आगे की कार्यवाही की जायेगी।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई