चित्रकूट-बारिश बनी काल, एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत

SHARE:

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच रात में कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। मलबे में दबकर पिता और उसके दो मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि पत्नी और एक बेटी घायल हो गईं।
चित्रकूट के भरतकूप थाना क्षेत्र के बराछ गांव में बुधवार देर रात यह दर्दनाक हादसा हुआ। गांव निवासी 32 वर्षीय कल्लू यादव पुत्र बब्बू पहाड़ी के नीचे कच्चे मकान में पत्नी कुंता देवी और बच्चों के साथ रहते थे। रात करीब दो बजे लगातार बारिश के दौरान मकान की कच्ची दीवार अचानक ढह गई। मलबे में कल्लू यादव, उनकी पत्नी कुंता देवी, पांच वर्षीय बेटा अंश, चार वर्षीय बेटी अंशिका और एक वर्षीय बेटी कल्ली दब गए। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ राहत-बचाव शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से सभी को मलबे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने कल्लू यादव, उनके पांच वर्षीय बेटे अंश और एक वर्षीय बेटी कल्ली को मृत घोषित कर दिया। वहीं कुंता देवी और बेटी अंशिका का उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को आपदा राहत के तहत सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
एक झटके में उजड़ गया परिवार
एक ही परिवार के पिता और दो मासूम बच्चों की मौत से बराछ गांव में मातम पसरा है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ा दी है।
मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों का समुचित उपचार कराने और पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई