चित्रकूट-मंदाकिनी उफान पर, रामघाट और निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता

SHARE:

मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखा गया है।
चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के बढ़े जलस्तर के दृष्टिगत कमिश्नर अजीत कुमार और डीआईजी चित्रकूटधाम परिक्षेत्र, बांदा राजेश एस ने रामघाट एवं निर्मोही अखाड़ा क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण नदी के आसपास के क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे के माध्यम से सतत निगरानी की जा रही है।
NDRF और SDRF की टीमें रेस्क्यू में जुटीं
NDRF और SDRF की टीमें मौके पर सक्रिय रहकर रेस्क्यू कार्य में जुटी हैं। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर हालात का जायजा ले रहे हैं। संबंधित अधिकारियों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
श्रद्धालुओं और आमजन से सावधानी की अपील
प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी अथवा गहरे पानी के निकट न जाएं और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। घाटों और नदी के आसपास बढ़े जलस्तर को देखते हुए किसी भी तरह का जोखिम न उठाने की अपील की गई है। प्रशासन की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य करना है।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई