गांव-गांव जाकर महंगे दामों पर स्मैक बेचने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 47.1 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब साढ़े पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है।
जनपद के बिसंडा थाना क्षेत्र में ग्राम बिलगांव-खुरहंड रोड पर रक्षाबंधन के मद्देनजर देर रात पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने धर्मराज पुत्र बच्चा निवासी ग्राम सहेवा, थाना गिरवां, बांदा को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान ऑपरेशन ईगल के तहत की गई। पूछताछ में खुला स्मैक बिक्री का राज
पुलिस के अनुसार पूछताछ में धर्मराज ने बताया कि वह संजय नशीला उर्फ छंग्गू मास्टर से स्मैक खरीदता था और मोटरसाइकिल से गांव-गांव जाकर उसे महंगे दामों पर बेचता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 47.1 ग्राम स्मैक, परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस ने मामले में थाना बिसंडा में मु0अ0सं0 399/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया। स्मैक सप्लायर की तलाश तेज
पुलिस के मुताबिक मामले में संजय नशीला उर्फ छंग्गू मास्टर पुत्र नवल किशोर निवासी भूरा डेरा, कनवारा, थाना कोतवाली नगर, बांदा फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष बिसंडा चन्द्र प्रकाश तिवारी, चौकी प्रभारी बिलगांव गौरव कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह, कांस्टेबल संगम यादव और महिला कांस्टेबल शालू यादव शामिल रहे।