घर के अंदर अवैध तमंचे बनाने का धंधा चल रहा था। पुलिस ने छापेमारी कर मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से सात तमंचे, दो अर्धनिर्मित तमंचे, दो कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए।
जनपद के नरैनी थाना क्षेत्र के मोतियारी गांव में अवैध शस्त्र निर्माण की फैक्टरी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवीदीन पुत्र लुक्खू निवासी रामनई, थाना अजयगढ़, जनपद पन्ना (मध्य प्रदेश) और रामस्वरूप उर्फ मुल्ला पुत्र मैकू निवासी मोतियारी, थाना नरैनी, जनपद बांदा के रूप में हुई है। उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी नरैनी प्रवीण कुमार के नेतृत्व में की गई। सीओ नरैनी प्रवीण कुमार ने बताया कि सोमवार की देर शाम नरैनी पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि मोतियारी गांव के बाहर एक घर में अवैध तमंचे बनाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापा मारा। पुलिस ने मौके से दोनों आरोपियों को अवैध शस्त्र बनाते हुए पकड़ लिया। तलाशी में छह चालू हालत के तमंचे, एक तमंचा चालू हालत में नहीं, दो अर्धनिर्मित तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा धौंकनी, ग्लैंडर, ड्रिल, शिकंजा, नोहाई, हथौड़ी, सुम्मी, छेनी और ब्लेड समेत बड़ी संख्या में शस्त्र बनाने के उपकरण मिले। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे घर में अवैध तमंचे तैयार करते थे। तैयार तमंचों को सात से आठ हजार रुपये प्रति तमंचे की कीमत पर बांदा और आसपास के जनपदों में बेचते थे। पुलिस अब इस अवैध शस्त्र कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुराने मुकदमों में भी दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार, आरोपी देवीदीन के खिलाफ नरैनी थाने में वर्ष 2010 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट तथा वर्ष 2011 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है। उसके खिलाफ वर्तमान मुकदमा भी दर्ज किया गया है। वहीं रामस्वरूप उर्फ मुल्ला के खिलाफ वर्ष 2007 में आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज बताया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना नरैनी में मुकदमा अपराध संख्या 232/26, धारा 5/25 आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने छह चालू तमंचे, एक खराब तमंचा, दो अर्धनिर्मित तमंचे और दो जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके अलावा शस्त्र बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण भी बरामद हुए। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भास्कर मिश्रा, उपनिरीक्षक मु. ऐश खां, उपनिरीक्षक विनोद सिंह, हेड कांस्टेबल नरेश कुमार, कांस्टेबल अंकित सिंह, आशु सिंह, अजय यादव, अनूप मिश्रा और सुनील कुमार शामिल रहे।