प्रयागराज-पानी की टंकी पर चढ़ी पांच बच्चों की मां, दरोगा पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप

SHARE:

महिला ने दरोगा पर शादी का झांसा देकर कई बार दुष्कर्म करने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया। कार्रवाई की मांग को लेकर महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला आरोपी दरोगा को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही, जिसके चलते पुलिस को काफी देर तक उसे समझाने का प्रयास करना पड़ा।
प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में शुक्रवार को डीआरएम कार्यालय के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब मेजा थाना क्षेत्र की रहने वाली पांच बच्चों की मां पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला का आरोप है कि सरायममरेज थाने में तैनात दरोगा संजय यादव ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। बाद में शादी से मुकरने के साथ उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
महिला पानी की दो बोतलें लेकर टंकी पर चढ़ी थी और अपनी मांगें लिखकर पर्चियां नीचे फेंक रही थी। उसकी प्रमुख मांगों में आरोपी दरोगा को मौके पर बुलाना, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बात कराना और वर्ष 2025 से कटे उसके घर के बिजली कनेक्शन को तत्काल जुड़वाना शामिल था। पुलिस के मुताबिक महिला ने वर्ष 2025 में आरोपी दरोगा संजय यादव के खिलाफ मुट्ठीगंज थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई थी। वर्तमान में दरोगा संजय यादव की तैनाती सरायममरेज थाने में है। मामले में महिला द्वारा लगाए गए आरोपों और पूर्व में दर्ज मुकदमे को लेकर पुलिस स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
चार बेटे और एक बेटी की मां है महिला
महिला की शादी कोरांव क्षेत्र में हुई है और उसके चार बेटे तथा एक बेटी हैं। उसका बड़ा बेटा 22 वर्ष का बताया गया है। पानी की टंकी पर महिला के चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
पर्चियों पर लिखकर नीचे फेंकती रही मांगें
महिला अपनी मांगों को कागज पर लिखकर नीचे फेंकती रही। पुलिसकर्मियों ने उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह आरोपी दरोगा को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ी रही।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई