विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। समीक्षा के दौरान कई योजनाओं की धीमी प्रगति सामने आने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए।
बुधवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में विकास खंड स्तर पर संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों से योजनाओं की बिंदुवार प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पंचायत भवनों में ग्राम पंचायत सचिवों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को रोस्टर के अनुसार व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। प्रशासनिक समितियों के माध्यम से सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक रैंडम चेकिंग कराने को भी कहा। मुख्य विकास अधिकारी को पंचायत भवनों में सचिवों और संबंधित कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक और व्यक्तिगत शौचालय निर्माण की समीक्षा में बड़ोखर खुर्द और कमासिन सहित कुछ विकास खंडों में खराब प्रगति मिलने पर संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। सामुदायिक शौचालयों का संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश
जिन ग्राम पंचायतों में आरआरसी सेंटर का निर्माण अधूरा है, उन्हें शीघ्र पूरा कराने को कहा गया। सामुदायिक शौचालयों के लंबित भुगतान तत्काल कराने तथा स्वयं सहायता समूहों की वर्किंग का आकलन कर सभी शौचालयों का सुचारू संचालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। जिन शौचालयों में आधारभूत सुविधाओं की कमी है, वहां तत्काल आवश्यक इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराने को कहा गया। विद्यालयों की सुरक्षा को लेकर भी जिलाधिकारी ने सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में किसी भी व्यक्ति को अनधिकृत प्रवेश की अनुमति न दी जाए। बिना अनुमति विद्यालय परिसर में वीडियो या फोटो बनाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। आईसीडीएस की समीक्षा के दौरान सभी विकास खंडों में पोषण वाटिका तैयार कराने पर जोर दिया गया। इनमें उगाई जाने वाली सब्जियों का उपयोग आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के पोषण और मिड-डे मील में किए जाने की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए गए। पोषण वाटिका और संबंधित कार्यों में लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। आवास योजना की खराब प्रगति पर जताई नाराजगी
बैठक में जॉब कार्ड धारकों की भी समीक्षा की गई। संतोषजनक जवाब न देने वाले अधिकारियों के प्रति जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए कार्यप्रणाली में सुधार के निर्देश दिए। डीसी एनआरएलएम को अभियान चलाकर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार स्वयं सहायता समूहों का गठन कराने और पात्र समूहों को चिन्हित कर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। पूर्व में गठित समूहों का आवश्यकतानुसार शुद्धीकरण कराने को भी कहा गया। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा में नरैनी, बड़ोखर खुर्द और महुआ विकास खंडों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित खंड विकास अधिकारियों को अगले 10 दिनों में स्पष्ट सुधार लाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगति की सूचना उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए। कम प्रगति वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अपेक्षित सुधार सुनिश्चित कराया जाए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय,ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रेखा सियाक समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।