न्यायालय में पेशी के दौरान पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए एनडीपीएस एक्ट के आरोपी को बांदा पुलिस ने महज दो दिन में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना तिंदवारी, थाना चिल्ला और एसओजी की संयुक्त टीम ने रविवार देर रात सत्तीमाई मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
पेशी के दौरान बाथरूम जाने का बहाना बनाकर हुआ था फरार
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि 14 अगस्त को एनडीपीएस एक्ट के मामले में निरुद्ध आरोपी संजय उर्फ तन्नु को जिला न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। लॉकअप से न्यायालय ले जाते समय उसने बाथरूम जाने का बहाना बनाया और ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल को चकमा देकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। थाना कोतवाली नगर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए तत्काल कई पुलिस टीमें गठित की गईं। एसपी ने घोषित किया था 25 हजार का इनाम
फरार आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस ने चुनौती के रूप में लिया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद पुलिस टीमों ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही सर्विलांस के जरिए आरोपी की गतिविधियों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी, मुठभेड़ में दबोचा
पुलिस के अनुसार रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के निकट पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ सिंह के नेतृत्व में तिंदवारी पुलिस, चिल्ला पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बरेठी-असकरन मोड़ से पपरेंदा रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी संजय उर्फ तन्नु मिरगहनी पुल से पहले सत्तीमाई मंदिर के पास तमंचा लेकर मौजूद है। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देखकर आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत सामान्य बताई है।
छह मुकदमों में दर्ज है आरोपी का नाम
गिरफ्तार संजय उर्फ तन्नु पुत्र जगदीश, निवासी खप्टिहाकलां थाना पैलानी, बांदा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ थाना पैलानी में एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वर्ष 2025 में बीएनएस की धाराओं में तथा वर्ष 2026 में गैंगस्टर एक्ट व एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा थाना चिल्ला में दर्ज है। तमंचा और पांच कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस 315 बोर और तीन जिंदा कारतूस 315 बोर बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में मु0अ0सं0 405/26 धारा 261/262 बीएनएस तथा थाना तिंदवारी में मु0अ0सं0 109(1) बीएनएस व 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
अभियुक्त की गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष तिंदवारी संदीप कुमार सिंह, थानाध्यक्ष चिल्ला आनंद कुमार साहू, प्रभारी एसओजी आनंद कुमार, प्रभारी सर्विलांस राजेश मौर्य, उपनिरीक्षक गजेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक संतोष कुमार, हेड कांस्टेबल अश्वनी प्रताप सिंह, हेड कांस्टेबल विजय सिंह तथा कांस्टेबल प्रतीक, कमल सिंह, अमित कुशवाहा, अमित त्रिपाठी, रिषभ कुमार, महेंद्र प्रताप सिंह, अमन मिश्रा, शिवजीत सिंह और सचिन कुमार शामिल रहे।