पैलानी तहसील क्षेत्र में क्षतिग्रस्त परोरा रपटा मार्ग से प्रभावित ग्रामीणों की परेशानी जानने गुरुवार को जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद और जिलाधिकारी अमित आसेरी मौके पर पहुंचे। दोनों ने रपटे का स्थलीय निरीक्षण कर ग्रामीणों से बातचीत की। करीब 100 ग्रामीणों ने आवागमन में आ रही दिक्कतें बताईं। मंत्री ने स्थायी समाधान के लिए सेतु निर्माण पर जोर दिया, जबकि डीएम ने वैकल्पिक सुरक्षित मार्ग की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने रखी रपटे की मरम्मत की मांग
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि रपटा क्षतिग्रस्त होने से आसपास के कई गांवों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों ने रपटे के क्षतिग्रस्त पिलरों की लोहे के गाटर के माध्यम से मरम्मत कराने की मांग रखी। इस पर जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद ने स्थायी समाधान के लिए सेतु निर्माण कराने की बात कही। वैकल्पिक मार्ग की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
जनसामान्य की सुविधा और सुरक्षित आवागमन को देखते हुए लोक निर्माण विभाग को वैकल्पिक आवागमन की कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि प्रभावित गांवों के लोगों को आवागमन में राहत देने के लिए व्यवहारिक और सुरक्षित विकल्प जल्द तैयार किया जाए। लोहे के पीपे रखकर अस्थायी मार्ग बनाने का सुझाव
क्षेत्रवासियों ने तत्काल राहत के लिए लोहे के पीपे रखकर अस्थायी मार्ग बनाने का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि संबंधित विभाग से आवश्यक वार्ता कर इस विकल्प की व्यवहारिकता और सुरक्षा का परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद सुरक्षित विकल्प पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा। मंत्री और जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्रवासियों की आवागमन संबंधी समस्या का स्थायी और प्रभावी समाधान प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए। सेतु निर्माण के साथ वैकल्पिक मार्ग की कार्ययोजना पर भी तेजी से कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि प्रभावित गांवों के लोगों को परेशानी से राहत मिल सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।