खागा तहसील स्थित उपनिबंधक कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध को एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार दोपहर एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि भूमि का बैनामा कराने वाले व्यक्ति पर बैनामे में हेराफेरी करने का आरोप लगाकर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई थी। मामले से बचाने के एवज में कनिष्ठ सहायक ने एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
बैनामे में हेराफेरी का आरोप लगाकर मांगी रिश्वत
फतेहपुर जनपद के खागा कोतवाली क्षेत्र के संग्रामपुर सानी निवासी भीम सिंह ने 17 जून को एक भूमि का बैनामा कराया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, बैनामे के बाद उपनिबंधक कार्यालय में तैनात कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध ने बैनामे में हेराफेरी का आरोप लगाया। आरोप है कि झूठे तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर मुकदमे से बचाने के नाम पर एक लाख रुपये की मांग की गई।
शिकायत के बाद प्रयागराज से पहुंची 13 सदस्यीय टीम
रिश्वत मांगे जाने की शिकायत भीम सिंह ने आठ अगस्त को भ्रष्टाचार निवारण इकाई थाना प्रयागराज में की थी। शिकायत की जांच के बाद मंगलवार को प्रयागराज से 13 सदस्यीय एंटी करप्शन टीम खागा स्थित उपनिबंधक कार्यालय पहुंची। टीम ने शिकायतकर्ता की मदद से आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने की योजना बनाई।
केमिकल लगे नोटों की गड्डी लेते ही दबोचा
एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार दोपहर करीब 1:57 बजे शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोटों की गड्डी देकर आरोपी को देने के लिए भेजा। जैसे ही कनिष्ठ सहायक राहुल कुमार बौद्ध ने एक लाख रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई से उपनिबंधक कार्यालय में हड़कंप मच गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में मुकदमा
गिरफ्तार आरोपी राहुल कुमार बौद्ध मूल रूप से प्रतापगढ़ जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के रेडबीर पोस्ट के पूरेघनी गांव का निवासी बताया गया है। खागा कोतवाली पुलिस के अनुसार एंटी करप्शन टीम की ओर से आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।