बाँदा-आईजीआरएस में खराब प्रगति पर डीएम सख्त,सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई

SHARE:

आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर अधिकारियों को डीएम ने कड़ी चेतावनी दी है। समीक्षा बैठक में कई विभागों की प्रगति खराब मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनपद में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण, लंबित प्रकरणों और शिकायतकर्ताओं से प्राप्त फीडबैक की विस्तार से समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान समाज कल्याण विभाग, जल निगम (ग्रामीण), ग्रामीण विद्युत विभाग, जिला पंचायती राज विभाग, जिला बेसिक शिक्षा विभाग, एडीओ नरैनी, एडीओ तिंदवारी, बीडीओ बड़ोखर खुर्द, बिसंडा व तिंदवारी तथा खंड शिक्षा अधिकारियों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन शिकायतों में जांच लंबित है, उनका प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और आवश्यकता होने पर अपर जिलाधिकारी स्तर से फोर्स क्लोजर की कार्रवाई कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की रिपोर्ट स्वयं जांचने के बाद ही उसे अग्रसारित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि आईजीआरएस पर शिकायतों के निस्तारण और गुणवत्ता में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) को विशेष निर्देश दिए गए कि जिले में कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। यदि किसी क्षेत्र से जलभराव या जल निकासी की समस्या की सूचना मिले तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए, ताकि आमजन को परेशानी न उठानी पड़े। बैठक में अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेंद्र सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई