आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त तथा उनकी पत्नी को अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी देकर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। शिकायत पर नवाबाद थाना पुलिस ने कर्नाटक निवासी युवती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी तहरीर में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेंद्र शर्मा की पत्नी अंकिता भारद्वाज ने आरोप लगाया कि कर्नाटक के हुबली की रहने वाली मरीना लाजरस उर्फ मरीना काफी समय से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के जरिए उन्हें और उनके पति को ब्लैकमेल कर रही है। आरोप है कि युवती ने रुपये नहीं देने पर आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।शिकायत के मुताबिक आरोपित पहले भी कई बार ऑनलाइन और नकद रुपये वसूल चुकी है। 31 जुलाई को उसने फिर से 15 लाख रुपये की मांग करते हुए कथित आपत्तिजनक तस्वीरें भेजीं और रकम न मिलने पर उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी दी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि दो जून को युवती झांसी स्थित सरकारी आवास पर पहुंच गई थी, जहां उसने हंगामा किया, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पहले भी मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। नवाबाद थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित युवती के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कहा कि मामले का जल्द ही राजफाश किया जायेगा।