शाहगंज थाना क्षेत्र के गाड़ीकला (लीडर रोड) स्थित एक किराये के कमरे में मंगलवार को मूक-बधिर दंपती समेत तीन लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान मोनू, उसकी पत्नी गुड़िया और रूबी के रूप में हुई है। तीनों कबाड़ बीनकर जीवनयापन करते थे और लंबे समय से किराये के कमरे में रह रहे थे। कमरे से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो अंदर तीनों के शव पड़े मिले। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई तथा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। एक साथ तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।