पति की गैरमौजूदगी में प्रेमिका के घर पहुंचे युवक की रविवार देर रात चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो महिला की कहानी पर शक हुआ। पूछताछ में सामने आया कि मृतक महिला का प्रेमी था और अक्सर उसके पति के बाहर रहने पर घर आता था। पुलिस ने महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जनपद मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र के मुंगेश्वर सुल्तानपुर कांशीराम आवास निवासी शहजादी के घर रविवार रात करीब तीन बजे असगर (35) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद शहजादी ने पुलिस को सूचना देकर दावा किया कि उसके पति की हत्या कर कोई भाग गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो महिला के बयान पर संदेह हुआ। पूछताछ में पता चला कि असगर, शहजादी का प्रेमी था और उसके पति की गैरमौजूदगी में अक्सर उसके घर रहता था। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। मृतक के भाई अफसर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस महिला समेत दो लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।