नशा मुक्त अभियान “ऑपरेशन ईगल” के तहत कार्रवाई करते हुए 2.8 किलोग्राम अवैध सूखा गांजा के साथ दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और 1520 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, रविवार को गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर कृषि विश्वविद्यालय के पास कनवारा मोड़ से रिंकू पुत्र सुरेश निवासी मुचियाना मोहल्ला, कोतवाली नगर तथा सलमान पुत्र अमिया निवासी मुरवा हुसैनपुर, थाना गिरवां को गिरफ्तार किया गया। तलाशी में दोनों के पास से कुल 2 किलो 800 ग्राम अवैध सूखा गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी रिंकू के खिलाफ अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी और रेलवे अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह पहले भी नशा तस्करी और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। वहीं, आरोपी सलमान उर्फ लाला के खिलाफ भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण एवं नशा मुक्ति अभियान “ऑपरेशन ईगल” के तहत की गई। एसपी पलाश बंसल ने कहा कि आगे भी अभियान अनवरत जारी रहेगा। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कृषि विश्वविद्यालय चौकी प्रभारी दीपक कुमार सैनी, संकट मोचन चौकी प्रभारी आकांक्षा पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।