पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के घरों पर डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई और उद्घोषणा (प्रोक्लेमेशन) का नोटिस चस्पा किया। मुनादी के दौरान पुलिस ने सार्वजनिक रूप से घोषणा कराई कि आरोपी शीघ्र न्यायालय में आत्मसमर्पण करें, अन्यथा उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के पिता की तहरीर पर दर्ज मुकदमे में तीन आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया था। मुख्य आरोपी को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि दो अन्य आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद विवेचना के दौरान न्यायालय से उद्घोषणा जारी कराई गई। गुरुवार को पुलिस टीम गांव पहुंची और आरोपियों के घरों पर उद्घोषणा नोटिस चस्पा करने के साथ डुगडुगी पिटवाकर मुनादी कराई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि के भीतर यदि आरोपी न्यायालय में पेश नहीं होते या गिरफ्तार नहीं किए जाते हैं, तो उनकी चल-अचल संपत्ति कुर्क करने की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।