आपसी तकरार के बाद पति-पत्नी यमुना नदी में कूद गए। जिस पर युवक की मौत हो गई। वहीं पुलिस ने रेस्क्यू चालक पत्नी को सुरक्षित बचा लिया है।
प्रयागराज जनपद के कैंट थाना क्षेत्र के नेवादा राजापुर में एक पति-पत्नी के बीच तकरार इतनी बढ़ गई कि दोनों ने एक के बाद एक यमुना में छलांग लगा दी। इस दर्दनाक घटना में पति की मौत हो गई, जबकि पत्नी को बचा लिया गया। घटना रविवार शाम नैनी के नए यमुना पुल पर हुई। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जबकि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक की पहचान आकाश सोनकर उर्फ नन्हा (32) पुत्र पप्पू सोनकर, निवासी नेवादा राजापुर, कैंट के रूप में हुई है। उसकी पत्नी मुस्कान सोनकर (30) का एसआरएन अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। परिजनों ने बताया कि रविवार शाम करीब छह बजे आकाश का पत्नी मुस्कान से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान वह घर से निकल गया। पीछे पीछे पत्नी मुस्कान भी निकली और दोनों नए यमुना पुल पहुंचकर एक एक नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और बचाव दल को सूचना दी। रेस्क्यू टीम ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन आकाश को नहीं बचाया जा सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कीडगंज पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कलह की बात सामने आई है।