शराब के नशे में मां को जमीन में पटक दिया। सिर में चोट आने के चलते महिला की मौत हो गई। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गुरेह गांव निवासी रामरती 75 पत्नी मुनवा रविवार की रात घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान उसका पुत्र पप्पू उर्फ राधाचरण शराब के नशे में घर आया और अपनी बहन गुड़िया से और शराब पीने के लिए रुपये मांगने लगा। रुपये न देने पर वह बहन से अभद्रता करने के साथ हाथापाई करने लगा। भाई-बहन के बीच झगड़ा देखकर बाहर बैठीं मां रामरती बेटे को समझाने पहुंचीं। तभी गुस्से में आकर पप्पू ने मां को पास में बनी फूलों की क्यारी में सिर के बल पटक दिया। क्यारी की ईंट उसके सिर पर लग गई। जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष चंद्रप्रकाश तिवारी ने घर वालों से घटना की जानकारी दी। इधर एसपी पलाश बंसल ने थानाध्यक्ष को मुकदमा दर्ज करने के साथ आरोपी के गिरफ्तारी के निर्देश दिए। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने सोमवार को अभियुक्त पप्पू को जेल भेज दिया है।