प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने गला दबाकर बेटी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को जेल भेज दिया है।
बहराइच के भगतापुर गांव में प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने सोमवार रात नाबालिग बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने गांव पहुंचकर किशोरी के शव को कब्जे में लेकर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। गांव निवासी हरदेव प्रसाद की बेटी संगीता (17) का प्रेम प्रसंग गांव के ही अल्पसंख्यक समुदाय के युवक आजाद खां से चल रहा था। इसके कारण परिवार में लंबे समय से विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई थी। मां लीलावती के मुताबिक करीब दो माह पहले संगीता अपने प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई थी। इस पर परिवार की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने किशोरी को खोजकर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में न्यायालय के आदेश पर संगीता को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया था। बताया जा रहा है कि युवक हाल ही में जेल से छूटकर गांव लौटा, इसके बाद परिवार में फिर तनाव बढ़ गया। ग्रामीणों के अनुसार संगीता दोबारा युवक के संपर्क में थी और उसके साथ जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर घर में लगातार विवाद हो रहा था। सोमवार रात करीब एक बजे संगीता घर के बरामदे में सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पिता हरदेव प्रसाद ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। सुबह मां लीलावती ने बेटी को मृत हालत में देखकर शोर मचाया। इस पर गांव के लोग एकत्रित हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर थाने के प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, सीओ हर्षिता तिवारी भी गांव पहुंचे। एएसपी ने बताया कि मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की मां लीलावती की तहरीर पर पिता हरदेव के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर उसे भी घर से गिरफ्तार कर लिया गया है।