मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने गांजा के साथ दो तस्करों को पकड़ा है। जिनके पास भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ है। वहीं तलाशी के दौरान दो तमंचे भी मिले हैं।
सीओ सदर सौरभ सिंह ने बताया कि बुधवार की रात थाना जसपुरा पुलिस को गश्त एवं चेकिंग के दौरान सूचना प्राप्त हुई कि मोटरसाइकिल से दो व्यक्ति हमीरपुर से अवैध गांजा लेकर जनपद बांदा की तरफ आ रहे है। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम द्वारा थाना जसपुरा क्षेत्र के रामपुर चौराहे के पास चेकिंग शुरु की गई। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस टीम द्वारा रुकने का इशारा किया गया तो वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे। जिस पर पुलिस ने आवश्यक बल का प्रयोग कर घेराबन्दी की गई तो उक्त लोगों द्वारा जान से मारने की नियत से पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस द्वारा जवाबी कार्यवाही करते हुए तत्परता से घेरकर दोनों अभियुक्तों को पकड़ लिया गया। अभियुक्तों के कब्जे से प्लास्टिक के बोरी में अवैध सूखा गांजा तथा घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचे,जिन्दा कारतूस व खोखा कारतूस,आदि सहित परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने अपना नाम नीलेश पुत्र सदाशिव निवासी गरौती,भोला पुत्र चुन्नू निवासी गरौती थाना तिंदवारी बताया। सीओ ने बताया कि वह अभियुक्त हमीरपुर,बांदा व आसपास के जनपदों में अवैध गांजे की सप्लाई करते थे। बताया कि इस सम्बन्ध में पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है कि इनके द्वारा और कहां-कहां और किन-किन जनपदों में अवैध गांजे की सप्लाई करते थे। साथ ही इनके गिरोह में और कितने लोग शामिल है। सीओ ने यह भी बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नीलेश पुत्र सदाशिव पर पूर्व से ही बांदा और हमीरपुर में गैंगस्टर,गुण्डा एक्ट आदि सहित आधा दर्जन से अधिक मामलें दर्ज है। गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक ऋषिदेव सिंह,आकाश कुमार चौकी प्रभारी अमारा,आरक्षी मनोज कुमार पाण्डेय,दिलीप कुमार,विनय कुमार,मोहित कुमार,कृष्ण कुमार पाठक शामिल रहे।