जनगणना की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देशित किया है कि सभी विकास खंडों में जनप्रतिनिधियों,ग्राम प्रधानों,ग्राम सभा पदाधिकारियों एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों की स्वगणना की जाएगी।
जिलाधिकारी अमित आसेरी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना के संबंध में बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं समन्वय के साथ सुनिश्चित करें।
बैठक में स्वगणना के नोडल अधिकारी,मुख्य विकास अधिकारी अजय कुमार पांडेय ने स्वगणना कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि दिनांक 8 मई 2026 को स्थानीय प्रशासन दिवस के अंतर्गत सभी विकास खंडों में जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों,ग्राम सभा पदाधिकारियों एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों-कर्मचारियों की स्वगणना की जाएगी।
दिनांक 9 मई को जनपद के खिलाड़ियों एवं मीडिया कर्मियों,10 मई को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित व्यक्तियों एवं उच्च घनत्व वाले आबादी क्षेत्रों के निवासियों,11 मई को न्यायिक अधिकारियों,कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं,12 मई को पुलिस एवं अन्य वर्दीधारी बलों,13 मई को केंद्रीय कर्मचारियों (डाक, रेलवे,बैंक आदि),15 मई को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं चिकित्सकों,16 मई को उद्यमियों,व्यापारियों एवं परिवहन संगठनों,17 मई को महिला स्वयं सहायता समूहों,18 मई को डिजिटल एक्सेस के अंतर्गत जनसुविधा केंद्रों,पंचायत भवनों एवं नगरीय निकायों के माध्यम से आमजन की स्वगणना कराई जाएगी। इसी क्रम में 19 मई को मोबाइल डिवाइस के माध्यम से कार्य करने वाले व्यक्तियों को लक्षित किया जाएगा तथा 20 मई को एलजीबीटीक्यू+ समुदाय से जुड़े परिवारों की स्वगणना सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में यह भी अवगत कराया गया कि जनगणना कार्य के सुचारु संचालन हेतु 62 फील्ड ट्रेनर, 13 चार्ज अधिकारी, 2 मास्टर ट्रेनर सहित पर्याप्त संख्या में प्रगणक तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी अमित आसेरी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित तिथियों के अनुसार स्वगणना अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित कराई जाए, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक एवं सटीक रूप से संपन्न हो सके। बैठक में अपर जिला अधिकारी कुमार धर्मेंद्र जिला संख्या अधिकारी एवं समस्त उप जिलाधिकारी तथा अधिकारी तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी गण उपस्थित रहे l