स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। ग्रामीणों ने स्मार्ट मीटरों को उखाड़ कर बिजली विभाग के दफ्तर में जोरदार प्रदर्शन किया। साथ ही अनियमितता का आरोप लगाया है।
आगरा के अकोला कस्बा क्षेत्र में स्मार्ट मीटरों को लेकर ग्रामीणों का विरोध शुक्रवार सुबह उग्र हो गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने एकत्र होकर अपने-अपने घरों पर लगे स्मार्ट मीटरों को उतार दिया और उन्हें उखाड़कर बिजली विभाग के खिलाफ विरोध जताया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। ग्रामीणों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से बिजली बिलों में अनियमितता और अधिक वसूली की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद विभाग द्वारा कोई समाधान नहीं किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। विरोध के दौरान महिलाएं भी बड़ी संख्या में शामिल रहीं। ग्रामीण स्मार्ट मीटरों को लेकर देवी मंदिर पर एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए बाजार के रास्ते बिजलीघर पहुंचे। बिजलीघर पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटरों का ढेर लगा दिया और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) की जिला अध्यक्ष लवानिया कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटरों की व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से रोका जाए और बिजली बिलों में हो रही कथित अनियमितताओं की जांच कराई जाए।