बिहार- मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया राज्यसभा जाने का ऐलान,गृह मंत्री की मौजूदगी में करेंगे नामांकन

SHARE:

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद राज्यसभा जाने का ऐलान कर दिया है। उनके ऐलान के बाद समर्थकों में आक्रोश पनप उठा। सीएम आवास के बाहर समर्थक नारेबाजी कर रहे हैं।
सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा जाने का एलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है। संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूँ। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूँ कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा। सीएम नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबर से जदयू कार्यकर्ताओं का आक्रोश बढ़ता ही जा रहा है। सीएम हाउस के सामने जदयू कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। वह कह रहे हैं कि हमलोग किसी कीमत पर नीतीश कुमार को दिल्ली नहीं जाने देंगे। जदयू कार्यकर्ताओं ने ललन सिंह और संजय झा के खिलाफ नारेबाजी भी की। जदयू कार्यकर्ताओं के हंगामा को देखते हुए पटना पुलिस ने सीएम हाउस के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी है। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद सीएम हाउस के बाहर पहुंचे हैं। वह आक्रोशित लोगों को समझाने में जुटे हैं।
12 बजे पटना पहुंचेंगे अमित शाह
गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12 बजे पटना पहुंचेंगे। इसके बाद वह नामांकन कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बिहार विधान मंडल आएंगे। इधर, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सवा नौ बजे महावीर मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चना करेंगे।
UP TIMES NEWS
Author: UP TIMES NEWS

Leave a Comment