विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए सुविधासंपन्न अध्ययन केंद्र नागरीय प्रचारणी पुस्तकालय का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। अब तैयारी के लिए विद्यार्थियों को बाहर नहीं जाना पड़ेगा। कमिश्नर, डीएम लगातार कार्य की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
आयुक्त चित्रकूट धाम मंडल बांदा अजीत कुमार एवं जिलाधिकारी जे रीभा के निर्देशन में शहर के संकटमोचन हनुमान मंदिर परिसर के बगल में नागरीय प्रचारणी पुस्तकालय का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। अधिकारियों की मंशा है कि पुस्तकालय को अत्याधुनिक स्वरूप देते हुए इसे विद्यार्थियों और शोधार्थियों के लिए सुविधासंपन्न अध्ययन केंद्र के रूप में विकसित किया जाए। यही नहीं धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले संकटमोचन मंदिर परिसर के समीप बन रहा यह पुस्तकालय क्षेत्र की गरिमा को और बढ़ाएगा। यहां विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधन,संदर्भ सामग्री तथा अध्ययन के लिए शांत वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। शहरवासियों को भी शोध और पठन-पाठन के लिए एक नया केंद्र मिलेगा। निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए बांदा विकास प्राधिकरण के सचिव मदन मोहन वर्मा ने निर्माण स्थल का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उच्च गुणवत्ता की सामग्री का ही प्रयोग किया जाए तथा निर्माण कार्य समयबद्ध और मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए। निर्माण पूर्ण होने के बाद नागरीय प्रचारणी पुस्तकालय छात्र-छात्राओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त आधुनिक अध्ययन केंद्र के रूप में तैयार होगा।